सीआरपीएफ की सभी बटालियनों में 13वीं बटालियन रही प्रथम उपविजेता; कमांडेंट श्रीमती कमल सिसोदिया के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने रचा इतिहास
सीआरपीएफ की 13वीं बटालियन ने खेल जगत में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए ट्रैक एंड फील्ड एवं क्रॉस कंट्री प्रतियोगिताओं में सीआरपीएफ की सभी बटालियनों के बीच समग्र रूप से प्रथम उपविजेता (1st Runner-Up) स्थान प्राप्त कर गौरवपूर्ण सफलता अर्जित की। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ कमांडेंट श्रीमती कमल सिसोदिया के प्रेरणादायी नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन का परिणाम मानी जा रही है।
प्रतियोगिता में बटालियन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 4 स्वर्ण पदक, 5 रजत पदक एवं 1 कांस्य पदक अपने नाम किए, जो इकाई के खेल इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है।
कांस्टेबल/जीडी संतोष कुमार ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए लॉन्ग जंप एवं हाई जंप में दो स्वर्ण पदक तथा 4×100 मीटर रिले में एक रजत पदक जीता। काॅन्स्टेबल/जीडी ललित ने शॉट पुट में स्वर्ण पदक एवं 4×100 मीटर रिले में रजत पदक प्राप्त कर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया।
कांस्टेबल/जीडी गुंटूरी प्रशांत वर्मा ने हाई जंप में रजत पदक अर्जित किया, जबकि काॅन्स्टेबल/जीडी सुमित कुमार ने शॉट पुट में कांस्य पदक एवं 4×100 मीटर रिले में रजत पदक जीतकर टीम का पदक खाता मजबूत किया। कांस्टेबल /जीडी निकू मोनी नाथ ने भी 4×100 मीटर रिले में रजत पदक जीतकर टीम भावना और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस शानदार उपलब्धि पर कमांडेंट श्रीमती कमल सिसोदिया ने खिलाड़ियों को व्यक्तिगत रूप से सम्मानित करते हुए उन्हें प्रशंसा प्रमाण-पत्र एवं ट्रैक सूट प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक दक्षता को बढ़ाते हैं, बल्कि आत्मविश्वास, मानसिक दृढ़ता और टीम भावना को भी सशक्त बनाते हैं।
श्रीमती सिसोदिया के नेतृत्व में बटालियन में फिटनेस, खेल भावना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की संस्कृति निरंतर मजबूत हुई है। यह सफलता न केवल 13वीं बटालियन के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे सीआरपीएफ के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।




Source link