भारत में सीओपीडी की रोकथाम और नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम की जरूरत: डॉ. सुमित भारती
चंडीगढ़: क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) के बढ़ते वैश्विक खतरे को रेखांकित करते हुए पार्क अस्पताल पंचकूला और पार्क अस्पताल मोहाली के वरिष्ठ पल्मोनोलॉजिस्टों ने समय पर बीमारी की पहचान, उचित उपचार और बचाव के उपायों के महत्व पर जोर दिया। इस संबंध में मंगलवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विशेषज्ञों ने सीओपीडी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी साझा की।
इस अवसर पर पार्क अस्पताल पंचकूला से डायरेक्टर – पल्मोनोलॉजी डॉ. एसके गुप्ता और कंसल्टेंट – पल्मोनोलॉजी डॉ. अमनप्रीत कौर, पार्क अस्पताल मोहाली से कंसल्टेंट – पल्मोनोलॉजी तथा पार्क अस्पताल मोहाली से कंसल्टेंट – पल्मोनोलॉजी डॉ. हितेश गौर और एसोसिएट डायरेक्टर – पल्मोनोलॉजी डॉ. सुमित भारती उपस्थित रहे।
डॉ. एसके गुप्ता ने सीओपीडी की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दुनियाभर में मृत्यु के प्रमुख कारणों में शामिल है और हृदय रोग तथा कैंसर के बाद मृत्यु का तीसरा सबसे बड़ा कारण है। उन्होंने बताया कि सीओपीडी फेफड़ों की एक प्रगतिशील बीमारी है, जिसमें फेफड़ों के भीतर हवा के आने-जाने का प्रवाह बाधित हो जाता है और मरीज को सांस लेने में लगातार परेशानी होने लगती है।
उन्होंने कहा, “कई लोग सांस फूलने और लगातार खांसी आने को बढ़ती उम्र का सामान्य लक्षण मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। बीमारी के शुरुआती चरणों में लक्षण हल्के हो सकते हैं या आसानी से पहचान में नहीं आते, जिसके कारण मरीज को पता भी नहीं चलता और बीमारी धीरे-धीरे गंभीर होती जाती है।”
डॉ. हितेश गौर ने सीओपीडी के गंभीर स्वास्थ्य प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दुनियाभर में बीमारी और समय से पहले होने वाली मौतों का एक प्रमुख कारण है। यह बीमारी आमतौर पर 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में देखी जाती है, विशेषकर ऐसे लोगों में जिन्हें लंबे समय तक धूम्रपान करने की आदत रही हो। हालांकि, धूम्रपान न करने वाले लोग भी लंबे समय तक हानिकारक तत्वों के संपर्क में रहने के कारण सीओपीडी से प्रभावित हो सकते हैं।
उन्होंने कहा, “कार्यस्थलों पर लंबे समय तक रसायनों, धूल और जहरीले धुएं के संपर्क में रहना तथा घरों में बायोमास और अन्य ठोस ईंधनों से खाना पकाने के कारण होने वाला वायु प्रदूषण सीओपीडी का खतरा बढ़ा सकता है।”
डॉ. सुमित भारती ने बताया कि सीओपीडी फेफड़ों की एक पुरानी और लगातार बढ़ने वाली बीमारी है, जिसमें सांस की नलियों में सूजन और फेफड़ों की वायु थैलियों को नुकसान पहुंचता है। इसके कारण मरीज को सांस लेने में परेशानी होती है। बीमारी गंभीर होने पर मरीजों को थोड़ी दूर चलने में भी परेशानी हो सकती है और निमोनिया सहित अन्य श्वसन संक्रमणों का खतरा बढ़ जाता है।
डॉ. अमनप्रीत कौर ने बताया कि सर्दियों में तापमान गिरने के साथ सीओपीडी के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है और उनमें श्वसन संक्रमण का खतरा भी अधिक हो जाता है। उन्होंने सीओपीडी के मरीजों को सर्दियों में विशेष सावधानी बरतने, डॉक्टर द्वारा निर्धारित दवाओं का नियमित सेवन करने और लक्षण बढ़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। Fact live today Shailja Sam factlivetodayPUNJAB
Source link
