मटौर वैली ब्रिज पर आज रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद : एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग
आवागमन के लिए जमानाबाद- अब्दुल्लापुर सड़क का करें उपयोग, 4 नवंबर को सुबह और दिनभर पुल पर वन-वे रहेगी यातायात व्यवस्था

स्थानीय 20 किलोमीटर के निवासियों को टोल प्लाजा के वार्षिक पास में मिली राहत, अब 1500 रुपये में बनेगा पास

कांगड़ा, 3 नवंबर। एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने बताया कि मटौर वैली ब्रिज पर निर्माण कार्य के चलते आज 3 नवंबर 2026 की रात 11 बजे से 4 नवंबर की सुबह 7 बजे तक एनएच, विद्युत विभाग तथा पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से कार्य करेंगी। इस दौरान सुरक्षा एवं निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के उद्देश्य से पुल पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि इस अवधि के दौरान आवागमन के लिए जमानाबाद-अब्दुल्लापुर सड़क का वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग करें। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के साथ विद्युत लाइन से संबंधित कार्य भी किया जाएगा, जिसके चलते मटौर, गुरकड़ी, बगली रोड, ओल्ड मटौर, मटौर चौक तथा कोहाला में बिजली आपूर्ति दिनांक 3 नवंबर रात 7 बजे से दिनांक 4 नवंबर 2026 सुबह 11 बजे तक बाधित रहेगी।
एसडीएम ने बताया कि 4 नवंबर को सुबह से दिनभर मटौर ब्रिज को वाहनों की आवाजाही के लिए वन-वे खोला जाएगा। उन्होंने लोगों से निर्माण कार्य के दौरान प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि पुल से संबंधित कार्य शीघ्र पूरा हो सके और आम जनता को प्रतिदिन पेश आने वाली यातायात संबंधी समस्याओं से निजात मिल सके।
स्थानीय 20 किलोमीटर के निवासियों को टोल पास में राहत
डॉ. अंजलि गर्ग ने बताया कि गत्ता टोल प्लाजा पर स्थानीय 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निवासियों को राहत प्रदान की गई है। इस संबंध में प्रोजेक्ट डायरेक्टर एवं उच्च अधिकारियों से बातचीत के बाद स्थानीय निवासियों के लिए वार्षिक पास की राशि 1500 रुपये निर्धारित की गई है। पात्र स्थानीय निवासी टोल प्लाजा पर जाकर अपना वार्षिक पास बनवा सकते हैं। वहीं, अन्य वाहन चालकों के लिए 3075 रुपये का वार्षिक पास उपलब्ध रहेगा। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द राजमार्ग यात्रा ऐप के माध्यम से भी लोग अपना वार्षिक पास बनवा सकेंगे।
दीपावली पर सुरक्षा और स्वच्छता का रखें विशेष ध्यान
एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने कांगड़ा क्षेत्र के लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पटाखा विक्रेताओं से अपील की कि वे केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति अन्य स्थानों पर पटाखों की बिक्री करने वालों के चालान किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त उन्होंने मिठाई एवं डेयरी उत्पाद विक्रेताओं से भी स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और किसी भी प्रकार की मिलावट से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आम जनता को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना सभी विक्रेताओं की जिम्मेदारी है। विक्रेता खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करें।




Source link