
*शाहपुर के व्यापारियों की समस्याओं को लेकर विधायक पठानिया ने की बैठक*
शाहपुर में कनेक्टिविटी को लेकर पेश आ रही दिक्कते।
व्यापार मंडल के साथ हुई बैठक,समस्या के समाधान का मिला आश्वासन
उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने आज निर्माण विभाग विश्राम गृह, शाहपुर में उपमंडलाधिकारी तथा शाहपुर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्र के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।बैठक के दौरान व्यापारियों ने दीपावली पर्व के मद्देनजर पटाखों की दुकानों के लिए उचित स्थान उपलब्ध करवाने, शाहपुर में बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए अंडर बाईपास का निर्माण करने, रेहलू रोड पर सड़क किनारे लगे पेड़ों को हटाने तथा दीपावली के दौरान बाजार में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने की मांग विधायक के समक्ष रखी।
विधायक केवल सिंह पठानिया ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता और व्यापारी वर्ग उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान व्यापारियों एवं आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा पटाखों की दुकानों से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
शाहपुर में अंडर बाईपास निर्माण की मांग पर विधायक ने कहा कि इस महत्वपूर्ण मुद्दे को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष व्यापारियों के साथ बैठक कर प्रमुखता से उठाया जाएगा, ताकि क्षेत्र में बढ़ते यातायात की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बाइट: केवल सिंह पठानिया, विधायक
Source link
