शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा ने पाइनग्रोव स्कूल धरमपुर में बतौर मुख्यातिथि की शिरकत, विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को सराहा

स्कूल के चेयरमैन/डायरेक्टर कैप्टन ए. जे. सिंह ने किया स्वागत, पूरे विद्यालय परिसर का करवाया दौरा

शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा आज पाइनग्रोव स्कूल, धरमपुर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन/डायरेक्टर कैप्टन ए. जे. सिंह ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उन्हें पूरे विद्यालय परिसर का दौरा करवाया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनके साथ संवाद कर उनकी शैक्षणिक, रचनात्मक एवं खेल संबंधी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

विधायक ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलर आर्ट, पेंटिंग तथा विभिन्न रचनात्मक कलाकृतियों का अवलोकन किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों की स्पोर्ट्स गतिविधियों और अन्य प्रतिभाओं को भी करीब से देखा। बच्चों की रचनात्मक सोच, मेहनत, आत्मविश्वास और उत्साह की उन्होंने सराहना की।

उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बातचीत करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचानने, निरंतर मेहनत करने और जीवन में नए मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। आवश्यकता इस बात की है कि उसे उचित मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले, ताकि वह अपनी क्षमताओं को बेहतर ढंग से विकसित कर सके।

इस अवसर पर विधायक ने पूरे पाइनग्रोव स्कूल परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, खेलकूद से संबंधित व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि बच्चों का बौद्धिक, शारीरिक, रचनात्मक और सामाजिक विकास भी उतना ही आवश्यक है। ऐसे शैक्षणिक संस्थान बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और भविष्य के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करते हैं।

विधायक हरीश जनारथा ने कैप्टन ए. जे. सिंह एवं समस्त विद्यालय परिवार का आमंत्रित करने और सम्मान देने के लिए आभार व्यक्त किया तथा सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ब्यूरो रिपोर्ट : रोशन लाल शर्मा




Source link