लालड़ू मंडी के खाद्य डिपो की चेकिंग, 80% गेहूं वितरण पूरा — विजय दत्त

डेराबस्सी/लालड़ू, 26 अगस्त 2026: पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य विजय दत्त ने आज डेराबस्सी स्थित लालड़ू मंडी के खाद्य डिपो की चेकिंग की। इस दौरान फूड इंस्पेक्टर इंदरजीत सिंह भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान गेहूं के स्टॉक, रिकॉर्ड तथा वितरण व्यवस्था की विस्तृत जांच की गई। मौके पर अधिकारियों से वितरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए विजय दत्त ने वितरण प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि अब तक लगभग 80 प्रतिशत गेहूं का वितरण पूरा हो चुका है। विजय दत्त ने निर्देश दिए कि शेष लाभार्थियों तक भी गेहूं का वितरण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जुलाई से अक्टूबर तक चार महीनों के गेहूं का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से अपील की कि जिन परिवारों ने अभी तक अपना गेहूं प्राप्त नहीं किया है, वे संबंधित डिपो पर जाकर चार महीनों का गेहूं प्राप्त कर लें।

विजय दत्त ने कहा कि मौजूदा गेहूं वितरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद ‘मेरी रसोई योजना’ के तहत किटों का वितरण भी किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी वितरण के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि डिपो पर स्टॉक एवं वितरण का रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखा जाए, लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में गेहूं उपलब्ध करवाया जाए तथा वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही न हो।

विजय दत्त ने कहा कि यदि किसी लाभार्थी को गेहूं वितरण या इस प्रक्रिया से संबंधित कोई शिकायत, समस्या अथवा अनियमितता नजर आती है, तो वह पंजाब राज्य खाद्य आयोग की हेल्पलाइन 98767-64545 पर शिकायत दर्ज करवा सकता है।

उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना केवल विभागीय जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जनहित का कार्य है। इसलिए पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और लाभार्थियों के अधिकारों का विशेष ध्यान रखा जाए।ब्यूरो रिपोर्ट : रोशन लाल शर्मा

Fact live today #likesharefollowcomment



Source link