मैक्लोडगंज में नशे के खिलाफ DIG की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, रेव पार्टी का भंडाफोड़

बड़ा सवाल: क्या कसोल की तर्ज पर मैक्लोडगंज को रेव पार्टियों के लिए तैयार किया जा रहा था?

मैक्लोडगंज: अपर भागसू स्थित एक कैफे में कथित रेव पार्टी की सूचना पर कांगड़ा पुलिस ने तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थ और बीयर बरामद की। कार्रवाई DIG नॉर्दर्न रेंज सौम्या सांबासिवन, IPS के नेतृत्व/मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस के अनुसार, कैफे से 1.25 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, 25.94 ग्राम चरस, 5.35 ग्राम भांग, 19 बीयर कैन और नशीले पदार्थों की पैकिंग सामग्री बरामद हुई। मामले में कैफे मालिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैफे में 22 और 23 अगस्त को रेव पार्टियां आयोजित किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस सोशल मीडिया और बंद ऑनलाइन ग्रुपों के जरिए इन पार्टियों के प्रचार-प्रसार की भी जांच कर रही है। डिजिटल साक्ष्यों और स्क्रीनशॉट को जांच का हिस्सा बनाया गया है।

अब पुलिस जांच का फोकस इस बात पर है कि कैफे तक चिट्टा और चरस कहां से पहुंची, इन कथित रेव पार्टियों के पीछे कौन लोग थे और सोशल मीडिया के जरिए कितने लोगों को इन आयोजनों से जोड़ा गया।

मैक्लोडगंज जैसे पर्यटन स्थल में इस कार्रवाई ने एक बड़ा सवाल भी खड़ा किया है—क्या यहां नशे और रेव पार्टी के नेटवर्क को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही थी? हालांकि, इस सवाल का जवाब पुलिस की आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

फैक्ट लाइव टुडे | 25 अगस्त 2026



Source link