कार्यालय, जिला लोक संपर्क अधिकारी, साहिबजादा अजीत सिंह नगर

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत विधायक कुलवंत सिंह ने मोहाली से श्री अमृतसर साहिब के लिए तीन बसों को रवाना किया

साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 22 अगस्त:

पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आज विधानसभा हलका मोहाली के विधायक स. कुलवंत सिंह ने श्रद्धालुओं से भरी तीन बसों को हरी झंडी दिखाकर श्री अमृतसर साहिब के लिए रवाना किया। ये बसें गांव मौजपुर, गांव गोबिंदगढ़ और गांव चाचूमाजरा से रवाना हुईं।

इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना पंजाब के वरिष्ठ नागरिकों और श्रद्धालुओं के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत के समय लोगों में इसके प्रति जागरूकता कम होने के कारण यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सीमित थी, लेकिन अब जैसे-जैसे श्रद्धालु श्री अमृतसर साहिब में श्री दरबार साहिब, श्री दुर्ग्याणा मंदिर, राम तीर्थ वाल्मीकि मंदिर, वाघा बॉर्डर और जलियांवाला बाग के दर्शन करके वापस लौट रहे हैं और अपने यात्रा अनुभव दूसरों के साथ साझा कर रहे हैं, वैसे-वैसे इस यात्रा के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि आज गांवों से रवाना हुई बसों में श्रद्धालुओं का जोश और उत्साह इस योजना की लोकप्रियता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा इस यात्रा को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कर सकें।

विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए लगातार नई पहल की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में बड़े स्तर पर सुधार किए गए हैं। बच्चों को समय के अनुरूप सक्षम बनाने के लिए शिक्षकों को आधुनिक शिक्षा तकनीकों से परिचित करवाने के लिए विदेशों में प्रशिक्षण के अवसर दिए जा रहे हैं, जबकि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एल.ई.डी., कंप्यूटर और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने रोजगार के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और अब तक 70 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि योग्यता के आधार पर बिना किसी सिफारिश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

विधायक ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए भी सरकार द्वारा बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं और इनके सार्थक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के हलका मोहाली कोऑर्डिनेटर एवं स्टेट अवार्डी फूलराज सिंह, कुलदीप सिंह समाणा, अमरजीत सिंह सिद्धू, जसपाल सिंह मटौर, संदीप कौर पत्नी सुखविंदर सिंह, सरपंच मौजपुर, गुरजीत सिंह पंच, गुरप्रीत सिंह पंच, धर्मप्रीत सिंह पंच, जसवीर कौर, गुरजंट सिंह सरपंच भागोमाजरा, करमां पुरी सरपंच गोबिंदगढ़, सतिनाम सिंह ब्लॉक प्रधान, अमरदीप सिंह सरपंच चाचूमाजरा, रिंकू पापड़ी और अवतार सिंह सरपंच मटरां सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

फोटो कैप्शन:
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्री अमृतसर साहिब के लिए श्रद्धालुओं की तीन बसों को रवाना करते हुए विधायक कुलवंत सिंह।

#likecommentsharefollowsupport





Source link