शिमला क्रिकेट कार्निवल के समापन समारोह में पहुंचे माननीय मंत्री विक्रमादित्य सिंह एवं विधायक हरीश जनारथा, खेलों को बढ़ावा देने हेतु दो-दो लाख रुपये की सहायता की घोषणा

शिमला, 07 जून।

हिमालयन स्पोर्ट्स एंड कल्चरल यूथ सोसायटी द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित शिमला क्रिकेट कार्निवल के प्रथम चरण का आज उत्साहपूर्ण माहौल में सफल समापन हुआ। समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश सरकार के माननीय लोक निर्माण मंत्री श्री विक्रमादित्य सिंह जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री हरीश जनारथा जी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर दोनों जनप्रतिनिधियों का आयोजकों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री श्री विक्रमादित्य सिंह जी ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आयोजकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

वहीं विधायक श्री हरीश जनारथा जी ने अपने संबोधन में कहा कि शिमला के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध करवाने की है। उन्होंने खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहन देने का भरोसा देते हुए शिमला क्रिकेट कार्निवल एवं युवा खिलाड़ियों के सहयोगार्थ एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की।

माननीय मंत्री श्री विक्रमादित्य सिंह जी ने भी विधायक श्री हरीश जनारथा जी की पहल का स्वागत करते हुए आयोजन समिति एवं खिलाड़ियों के प्रोत्साहन हेतु एक लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि देने की घोषणा की।

गौरतलब है कि शिमला क्रिकेट कार्निवल में नगर निगम शिमला के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन एवं प्रतिभा का परिचय दिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

आयोजन समिति ने माननीय मंत्री श्री विक्रमादित्य सिंह जी एवं विधायक श्री हरीश जनारथा जी का कार्यक्रम में पहुंचने और युवाओं का उत्साहवर्धन करने के लिए आभार व्यक्त किया। ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव वर्मा







Source link