दिव्य गौ कथा के अंतिम दिवस गौ माता की महिमा पर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

पूज्य चंद्रकांत जी महाराज का संदेश — “सनातन की पहचान, गौ माता का सम्मान”

चंडीगढ़, 26 अप्रैल 2026।

श्री सनातन समाज चेरिटेबल ट्रस्ट एवं श्री राधा कृष्ण मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दिव्य गौ कथा का समापन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के दिव्य वातावरण में संपन्न हुआ। अंतिम दिवस पर श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति ने पूरे परिसर को भक्ति-रस से सराबोर कर दिया।

कथा के दौरान पूज्य चंद्रकांत जी महाराज ने “सनातन की पहचान — गौ माता का सम्मान” विषय पर अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि सनातन संस्कृति में गौ माता केवल एक जीव नहीं, बल्कि मातृत्व, पोषण, करुणा और धर्म की सजीव प्रतीक हैं। शास्त्रों में उन्हें “विश्व की माता” का गौरव प्रदान किया गया है, क्योंकि वे मानव जीवन के पोषण, कृषि व्यवस्था, औषधीय उपयोग तथा पर्यावरण संतुलन में अद्वितीय योगदान देती हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ सेवा मात्र आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक जिम्मेदारी है। यह हमें सह-अस्तित्व, संवेदनशीलता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देती है। वर्तमान परिवेश में गौ संरक्षण और संवर्धन का महत्व और अधिक बढ़ गया है, जो समाज में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम बन सकता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक विधि से हवन-पूजन के साथ हुआ, जिससे पूरे मंदिर परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष संचार हुआ। “गौ माता की जय” एवं “सनातन धर्म की जय” के गगनभेदी उद्घोषों ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया।
ट्रस्ट के श्री अजय सिंगला ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन में समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही और श्रद्धालुओं ने अत्यंत भावपूर्ण मन से कथा का लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद श्रीमती सुनीता धवन, भारत विकास परिषद चेरिटेबल ट्रस्ट से श्री अजय दत्ता, श्री अशोक गोयल, श्री राकेश सहगल सहित ट्रस्ट के समस्त सदस्य एवं मंदिर कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य गरिमामयी उपस्थिति में रहे।
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी गौ माता के आध्यात्मिक एवं वैज्ञानिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने हेतु ऐसे आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।
ब्यूरो रिपोर्ट : रोशन लाल शर्मा

#HarbhajanSingh #factlivetoday #trendingreelsvideo #likecommentsharefollowsupport #roshanlalsharma #sumeetchawla #kamalsharma #viral #ArvindKejriwal #BJPGovernment #Chandigarh





Source link