
धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कैंची मोड़ के पास धंसी सड़क की समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने लोकनिर्माण विभाग मंडल धर्मपुर कार्यालय के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर ने किया।
धरने के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकनिर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क की जल्द बहाली की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकाघाट-धर्मपुर मार्ग पर कैंची मोड़ के पास सड़क धंसने के कारण क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
रजत ठाकुर ने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में सड़कों की हालत लगातार खराब होती जा रही है और संबंधित विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लापरवाही के कारण ही यह स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द सड़क को बहाल नहीं किया गया तो भाजपा स्थानीय जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी, जिसमें धरना-प्रदर्शन के साथ-साथ चक्का जाम भी शामिल होगा।
उन्होंने यह भी मांग उठाई कि सड़क के डंगे (सपोर्टिंग वॉल) को गिराने वाले जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
धरने में मौजूद स्थानीय लोगों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सड़क बंद होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। स्कूली बच्चों, मरीजों और आम यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया है और स्थिति को सामान्य करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, भाजपा ने विभाग को चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ब्यूरो रिपोर्ट : सुमीत चावला
#factlivetoday #Omaxhospital #haryana_punjab_bhaichara_zindabad_challenge #likecommentsharefollowsupport #roshanlalsharma #sumeetchawla #ElectionCommission #100k #bjpvscongress #mohali #himachalpradesh #dharmapur
Source link
