संजौली में खेलों और विकास को मिली नई पहचान, मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया राजीव गांधी खेल परिसर मैदान का लोकार्पण एवं नामकरण
शिमला, 08 जून।
संजौली स्थित SPM ग्राउंड में आज खेल, युवा शक्ति और विकास का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां माननीय मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जी ने अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ करने के साथ-साथ नवनिर्मित खेल मैदान का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर शिमला शहरी के लोकप्रिय विधायक श्री हरीश जनारथा जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
“नशा छोड़ो, खेल खेलो” थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा प्रदान करना तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है। विधायक श्री हरीश जनारथा जी लंबे समय से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशामुक्त समाज निर्माण के लिए प्रेरित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से ही इस प्रतियोगिता के आयोजन को व्यापक स्वरूप मिला है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री हरीश जनारथा जी ने मुख्यमंत्री जी से ग्राउंड के नामकरण का आग्रह किया, जिसे स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जी ने इस मैदान का नाम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी जी के नाम पर “राजीव गांधी खेल परिसर मैदान” रखने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का उपस्थित जनसमूह ने जोरदार स्वागत किया।
इसके अतिरिक्त विधायक श्री हरीश जनारथा जी द्वारा उठाई गई एक अन्य महत्वपूर्ण मांग को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री जी ने संजौली में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले होली उत्सव को जिला स्तरीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित करने की अनुमति भी प्रदान की। इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को नई पहचान और मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक श्री हरीश जनारथा जी खिलाड़ियों के बीच पहुंचे, उनसे आत्मीय बातचीत की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जी ने भी युवाओं को नशे से दूर रहने तथा खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के समापन पर विधायक श्री हरीश जनारथा जी ने मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जी का शिमला आगमन, राजीव गांधी खेल परिसर मैदान के लोकार्पण, नामकरण तथा क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाओं के लिए हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह दिन संजौली और शिमला के खेल इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किया जाएगा तथा आने वाले समय में यह मैदान युवाओं की प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का केंद्र बनेगा। ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव वर्मा







Source link