
टूटीकंडी में धूमधाम से मनाया गया विजयदशमी उत्सव, विधायक हरीश जनारथा ने विकास कार्यों के लिए ₹20 लाख देने की घोषणा की
शिमला। आज शाम टूटीकंडी में स्थानीय लोगों द्वारा आयोजित विजयदशमी उत्सव में शिमला शहरी के विधायक श्री हरीश जनारथा जी ने शिरकत की। इस अवसर पर स्थानीय युवाओं के आग्रह पर आतिशबाजी के साथ रावण दहन किया गया तथा समस्त क्षेत्रवासियों को विजयदशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में नगर निगम उपमहापौर एवं पार्षद श्रीमती उमा कौशल जी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री आनंद कौशल जी, पार्षद श्री अंकुश वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों एवं स्थानीय निवासियों ने विधायक जी का जोरदार स्वागत किया। उत्सव के दौरान आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त लकी ड्रॉ का आयोजन कर विजेताओं के नाम घोषित किए गए।
स्थानीय मांगों पर विधायक ने की ₹20 लाख की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों की मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विधायक श्री हरीश जनारथा जी ने शांडिल निवास से एम्बुलेंस रोड के निर्माण के लिए ₹10 लाख तथा टूटीकंडी जंगली ग्राउंड की फेंसिंग एवं सुधार कार्यों के लिए ₹10 लाख देने की घोषणा की।
विधायक जी ने कहा कि एम्बुलेंस रोड का निर्माण होने से मरीजों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर सहायता उपलब्ध हो सकेगी। वहीं, टूटीकंडी जंगली ग्राउंड की फेंसिंग एवं सुधार से क्षेत्र के युवाओं और बच्चों को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि इन दोनों विकास कार्यों के लिए जल्द धनराशि उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनसेवा और शिमला शहर का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देना तथा युवाओं और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्रतिबद्धता है।
अंत में विधायक श्री हरीश जनारथा जी ने सभी क्षेत्रवासियों को विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली लेकर आए। Fact live today Shailja Sam #rajeevverma #shimla #everyone
Source link
