*कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने की शाहपुर दशहरा उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में शिरकत*
*केवल सिंह पठानिया के प्रयासों की सराहना, उत्सव के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा*
शाहपुर, 18 अक्तूबर , रजनीश कपिल :जिला स्तरीय शाहपुर दशहरा उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश के कृषि मंत्री प्रो. चौधरी चन्द्र कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि एडवोकेट जनरल अनूप रत्न विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचने पर शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने दोनों अतिथियों को सम्मानित किया। कृषि मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।
अपने संबोधन में कृषि मंत्री ने क्षेत्रवासियों को दशहरा उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि शाहपुर के लोगों के लिए यह गौरव की बात है कि उन्हें केवल सिंह पठानिया जैसे जनसेवा के प्रति समर्पित विधायक मिले हैं। उन्होंने कहा कि पठानिया छात्र जीवन से ही आमजन की सेवा में सक्रिय रहे हैं और विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने उत्सव के सफल आयोजन के लिए विधायक को बधाई देते हुए दशहरा उत्सव के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।
विशिष्ट अतिथि एडवोकेट जनरल अनूप रत्न ने कहा कि शाहपुर उन्हें अपने घर जैसा लगता है। उन्होंने कहा कि विधायक केवल सिंह पठानिया समय-समय पर उनसे क्षेत्र के विभिन्न विषयों पर चर्चा करते रहते हैं। विधायक बनने से पहले भी पठानिया जनसेवा और क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने दोनों अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वह दिन दूर नहीं, जब शाहपुर प्रदेश की एक मॉडल विधानसभा के रूप में अपनी पहचान बनाएगा। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
दूसरी सांस्कृतिक संध्या के दौरान कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, सहायक आयुक्त विवेक चौहान, संयुक्त निदेशक कृषि डॉ. राहुल कटोच, डीपीओ अशोक शर्मा, तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, भटियात कांग्रेस अध्यक्ष विजय कंवर, शाहपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अमित डोगरा, रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा,वरयाम सिंह , मनीष पटियाल, संजीव पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। Fact live today Shailja Sam #LikeShareFollowSubscribe


Source link
