कार्यालय, जिला जनसंपर्क अधिकारी, साहिबजादा अजीत सिंह नगर
‘खेडां वतन पंजाब दियां’ सीजन-4 की मशाल रिले का साहिबजादा अजीत सिंह नगर में जोरदार स्वागत
सांसद मलविंदर सिंह कंग, विधायक कुलवंत सिंह और यूथ विकास बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर सिंह गोल्डी ने की मशाल रिले मार्च की अगुवाई
साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 18 अगस्त 2026:
‘खेडां वतन पंजाब दियां—सीजन-4’ की मशाल रिले का फतेहगढ़ साहिब जिले से साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिले में प्रवेश करने पर आज गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। मशाल रिले स्वागत कार्यक्रम सेक्टर 78, मोहाली स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंची, जहां खेल भावना को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
श्री आनंदपुर साहिब से सांसद स. मलविंदर सिंह कंग, मोहाली के विधायक स. कुलवंत सिंह, पंजाब यूथ विकास बोर्ड के चेयरमैन स. परमिंदर सिंह गोल्डी, वर्ष 2016 की जूनियर हॉकी विश्व कप विजेता भारतीय टीम के कप्तान स. हरजीत सिंह तुली और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता स. जीवनजोत सिंह सहित प्रमुख हस्तियों ने मशाल रिले की अगुवाई की।
जिला योजना समिति की चेयरपर्सन श्रीमती प्रभजोत कौर, जिला ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन स. रणजीत पाल सिंह, एस.डी.एम. मोहाली श्रीमती दमनदीप कौर, जिला खेल अधिकारी श्रीमती उमेश्वरी शर्मा और जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. गिन्नी दुग्गल भी मशाल रिले के साथ मौजूद रहे।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उभरते जिम्नास्टिक खिलाड़ियों और भंगड़ा टीमों की प्रस्तुतियों ने समारोह में जोश और रंग भर दिया तथा माहौल को खेल भावना से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए सांसद स. मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ ने उभरते खिलाड़ियों को ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मजबूत मंच प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि आकर्षक नकद पुरस्कारों, बेहतर खेल सुविधाओं और विभिन्न स्तरों पर प्रतिस्पर्धा के अवसरों से युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है।
अपने विद्यार्थी जीवन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल में स्वर्ण पदक जीतने वाले स. कंग ने कहा कि सीजन-4 की शुरुआत खेलों को बढ़ावा देने के प्रति राज्य सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, उन्हें नशे से दूर रखना और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक एवं रचनात्मक दिशा में लगाना है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की खेलों के क्षेत्र में गौरवशाली विरासत रही है और राज्य के खिलाड़ियों ने हॉकी, पुरुष एवं महिला क्रिकेट तथा बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने के साथ-साथ राष्ट्रीय टीमों की कप्तानी भी की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए आवश्यक खेल बुनियादी ढांचा और अवसर उपलब्ध करवा रही है।
स. कंग ने कहा कि पंजाब में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और युवा खिलाड़ियों को उपलब्ध करवाए जा रहे अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर राज्य और देश का नाम रोशन करना चाहिए।
विधायक स. कुलवंत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा गांव स्तर पर आधुनिक खेल सुविधाएं और स्टेडियम विकसित किए जाने से ग्रामीण युवाओं के लिए खेलों के क्षेत्र में नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब युवा खिलाड़ी गांव से जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए बेहतर अवसर प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने लोगों के कल्याण और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलों सहित प्रत्येक क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को उच्च पदों पर सरकारी नौकरियां देने की नीति का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
पंजाब यूथ विकास बोर्ड के चेयरमैन स. परमिंदर सिंह गोल्डी ने वर्ष 2016 की जूनियर हॉकी विश्व कप विजेता भारतीय टीम के कप्तान स. हरजीत सिंह तुली के साथ अपने हॉकी प्रशिक्षण के दिनों को याद करते हुए कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित अवसर और सहयोगी वातावरण मिले तो वे हर स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने खेलों को विशेष प्राथमिकता दी है और राज्य का खेल बजट बढ़ाकर 1,800 करोड़ रुपये किया गया है, जिससे खेल बुनियादी ढांचे और खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं को और मजबूती मिली है।
जिला योजना समिति की चेयरपर्सन श्रीमती प्रभजोत कौर और जिला ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन स. रणजीत पाल सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खिलाड़ियों और युवाओं को शुभकामनाएं दीं।
‘खेडां वतन पंजाब दियां—सीजन-4’ के मुकाबले विभिन्न स्तरों पर आयोजित किए जाएंगे। ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं 3 से 15 सितंबर, जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 20 से 30 सितंबर तथा राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं 10 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित होंगी।
मशाल रिले का उद्देश्य लोगों में खेल, फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाने के साथ-साथ पंजाब के युवाओं को खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करना है।
जिला खेल अधिकारी श्रीमती उमेश्वरी शर्मा ने बताया कि मशाल रिले 19 अगस्त 2026 को रूपनगर जिले के लिए रवाना होगी, जहां यह खेल भावना, फिटनेस और युवाओं की खेलों में सक्रिय भागीदारी का संदेश आगे लेकर जाएगी। ब्यूरो रिपोर्ट : रोशन लाल शर्मा
#factlivetoday #likesharefollowcomment #punjab #himachalpradesh #haryana #Sports




Source link
