Ajit Pawar Plane Crash: बारामती में विमान हादसा, डिप्टी सीएम अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत
नई दिल्ली | 28 जनवरी 2026
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार को ले जा रहा एक प्राइवेट चार्टर्ड विमान बुधवार सुबह महाराष्ट्र के बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई है। दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई, जिससे पूरा विमान जलकर खाक हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अजित पवार मुंबई से बारामती जिला परिषद चुनाव के प्रचार के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि विमान जैसे ही बारामती एयरपोर्ट पर लैंड करने की कोशिश कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान की क्रैश लैंडिंग हुई या फिर किसी तकनीकी खराबी के चलते यह दुर्घटना हुई।
पीटीआई ने की मौत की पुष्टि
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पुणे जिले में हुए इस विमान हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों की मौत हो गई है। विमान में अजित पवार के अलावा तीन अन्य यात्री और क्रू मेंबर सवार थे।
चुनाव प्रचार के लिए जा रहे थे बारामती
अजित पवार आगामी जिला परिषद चुनाव के सिलसिले में बारामती में कई राजनीतिक बैठकें करने वाले थे। पुणे जिले में 5 फरवरी को चुनाव होने हैं, जिन्हें लेकर वे लगातार प्रचार में जुटे हुए थे। हादसा उनकी प्रस्तावित बैठकों से पहले ही हो गया।
हादसे से पहले किया था सोशल मीडिया पोस्ट
हादसे से करीब आधे घंटे पहले अजित पवार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें उन्होंने लाला लाजपत राय को याद किया था। इस पोस्ट के कुछ ही देर बाद विमान हादसे की खबर सामने आई।
जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। नागरिक उड्डयन विभाग और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
👉 इस बड़े हादसे से जुड़ी हर अपडेट के लिए बने रहें।
#factlivetoday #JairamThakur #comments #पंजाब #NewsUpdate #khanna #NarenderModi #jalandhar #MLA #BJPGovernment #crashplane #Maharashtra #AjitPwar
Source link
