कुराली में हुए हत्या मामले को जिला पुलिस ने 4-5 घंटों में सुलझाया, आरोपी गिरफ्तार

कुराली (साहिबजादा अजीत सिंह नगर), 29 अगस्त:

श्री हरमनदीप सिंह हांस, वरिष्ठ पुलिस कप्तान, साहिबजादा अजीत सिंह नगर ने बताया कि जिला पुलिस ने कुराली शहर में 28 अगस्त को हुई हत्या की वारदात को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को महज 4-5 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

वरिष्ठ पुलिस कप्तान ने बताया कि दिनांक 28-08-2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे कुराली के वार्ड नंबर 13, बडाली रोड स्थित ओम नाथ राय पुत्र स्वर्गीय राम दयाल राय के घर में उनकी पत्नी सरोज देवी, उम्र करीब 45 वर्ष, पर चाकू से हमला किया गया। इस हमले में सरोज देवी की मौत हो गई, जबकि ओम नाथ को भी पेट में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। ओम नाथ वर्तमान में सिविल अस्पताल, फेज-6, मोहाली में उपचाराधीन हैं।

पुलिस जांच के अनुसार, इस वारदात को सोनू कुमार पुत्र सुरेश कुमार, निवासी, निकट चकवाल स्कूल , कुराली, उम्र करीब 25 वर्ष, ने अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की बहन अपनी मर्जी से ओम नाथ के पुत्र बिट्टू के साथ विवाह करना चाहती थी, जिसका आरोपी सोनू कुमार विरोध कर रहा था।

दिनांक 28-08-2026 को जब आरोपी को पता चला कि उसकी बहन बिट्टू के साथ विवाह कर रही है तो वह कथित तौर पर गुस्से में आ गया और चाकू लेकर ओम नाथ के घर पहुंच गया। वहां उसने सरोज देवी पर चाकू से हमला कर दिया तथा ओम नाथ को भी घायल कर दिया।

इस संबंध में घायल ओम नाथ के बयान के आधार पर थाना सिटी कुराली में मुकदमा नंबर 91 दिनांक 28-08-2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धाराओं 109 और 103 के अंतर्गत सोनू कुमार पुत्र सुरेश कुमार, निवासी कुराली, के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के लिए एसपी (ग्रामीण) जसपिंदर सिंह की निगरानी में हरकीरत सिंह, पी.पी.एस., उप पुलिस अधीक्षक खरड़-2 (मुल्लांपुर) के दिशा-निर्देशों के तहत इंस्पेक्टर हर्ष मोहन गौतम, मुख्य अधिकारी थाना सिटी कुराली की अगुवाई में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने तेजी और मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए वारदात के महज 4-5 घंटों के भीतर ही आरोपी सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। मामले की जांच जारी है। ब्यूरो रिपोर्ट : रोशन लाल शर्मा

Fact live today #likecommentsharefollowsupport



Source link