12वीं अनुपूरक परीक्षा का परिणाम घोषित, 59.07% विद्यार्थी हुए उत्तीर्ण
धर्मशाला , 21 अगस्त 2026। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की अनुपूरक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार परीक्षा में कुल 3271 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 1931 विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। परीक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 59.07 फीसदी रहा।
बोर्ड के अनुसार 1123 परीक्षार्थी कंपार्टमैंट श्रेणी में आए हैं, जबकि 2 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण घोषित किए गए। यह परीक्षा कंपार्टमैंट, प्रदर्शन सुधार, अतिरिक्त विषय तथा डिप्लोमाधारक अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की गई थी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने परिणाम जारी करते हुए सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई पूरे आत्मविश्वास के साथ जारी रखने की सलाह दी।
वहीं, कंपार्टमैंट श्रेणी में आए विद्यार्थियों से उन्होंने हताश न होने और आगामी अवसर के लिए अधिक मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक परीक्षा का परिणाम विद्यार्थियों के भविष्य का अंतिम निर्णय नहीं होता, बल्कि मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है।
Source link
