‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हरनेरा और मनेई में 280 फलदार पौधों का वितरण

शाहपुर, 6 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश महामंत्री भाजपा जनजाति मोर्चा एवं वरिष्ठ समाजसेवी कमल शर्मा ने ग्राम पंचायत हरनेरा और मनेई में 280 फलदार पौधों का निःशुल्क वितरण किया।

वितरण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को नींबू, किन्नू और मौसमी के पौधे दिए गए। कमल शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपनी माताओं के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि उनकी संस्था (एनजीओ) हर वर्ष लगभग एक हजार फलदार पौधे निःशुल्क वितरित करती है। उनका उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक फल और प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश देना है।

कमल शर्मा ने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा भविष्य में अनेक लोगों को छाया, स्वच्छ हवा और फल प्रदान करेगा। इसलिए पौधारोपण को जन आंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत हरनेरा की प्रधान मीनाक्षी शर्मा, ग्राम पंचायत मनेई के प्रधान सरवन धीमान, उपप्रधान कृपाल संधू, ब्लॉक समिति सदस्य नरेश कुमार, भाजयुमो जिला महामंत्री अरुण कौशल, एसटी मोर्चा जिला सचिव मुंशी लाल, प्रदीप चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प भी लिया।

#likecommentsharefollowsupport



Source link