आयुष इंटीग्रेटेड हॉस्पिटल, सेक्टर-34 का लोकार्पण, चंडीगढ़ को मिली समग्र स्वास्थ्य सेवाओं की नई सौगात
चंडीगढ़, 4 अगस्त 2026।
चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित आयुष इंटीग्रेटेड हॉस्पिटल का आज पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव श्री एच. राजेश प्रसाद, आईएएस सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सेक्टर-34 में वर्षों से संचालित आयुष डिस्पेंसरी, जो लंबे समय से उपेक्षा का शिकार थी, अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त 25 बेड के आयुष इंटीग्रेटेड हॉस्पिटल के रूप में विकसित की गई है। स्थानीय वार्ड पार्षद प्रेम लता के सतत प्रयासों और पहल से इस डिस्पेंसरी को नया स्वरूप मिला, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और विस्तृत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
यह अस्पताल आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध, सोवा-रिग्पा तथा होम्योपैथी जैसी विभिन्न आयुष चिकित्सा पद्धतियों की सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराएगा। इसका उद्देश्य लोगों को समग्र, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना तथा पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में यूटी चंडीगढ़ के स्वास्थ्य सचिव श्री मंदीप सिंह बराड़, आईएएस तथा निदेशक आयुष डॉ. अतुल धाकने (DANICS) भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया और यहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं एवं समेकित स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आयुष इंटीग्रेटेड हॉस्पिटल के शुरू होने से चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को समग्र स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा तथा आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा। अस्पताल स्वास्थ्य सेवा, शोध और जन-जागरूकता के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




Source link