नाईपर, एस.ए.एस. नगर में मास्टर्स, एमबीए एवं पीएचडी के नए प्रवेश के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
चंडीगढ़, 3 जुलाई 2026: राष्ट्रीय औषधीय शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (नाईपर), एस.ए.एस. नगर में आज 03 अगस्त 2026 को नए प्रवेश मास्टर्स, एमबीए एवं पीएचडी विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नाईपर के निदेशक प्रो. दुलाल पांडा के स्वागत संबोधन से हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज का दिन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को देश के सबसे पुराने नाईपर में प्रवेश प्राप्त करने पर बधाई देते हुए संस्थान को अपना “ड्रीम होम” जैसा मानने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि नाईपर, एस.ए.एस. नगर का प्लेसमेंट रिकॉर्ड अत्यंत उत्कृष्ट रहा है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि संस्थान ने इस शैक्षणिक सत्र से दो नए पाठ्यक्रम—मास्टर्स इन बायोफार्मास्यूटिकल्स तथा मास्टर्स इन फार्मास्यूटिकल रेगुलेटरी साइंसेज़—आरंभ किए हैं।
नाईपर के डीन प्रो. के.बी. टिक्कू ने अपने संबोधन में कहा कि छात्रों ने कठिन परिश्रम से नाईपर में प्रवेश प्राप्त किया है और यह बहुत गर्व की बात है । उन्होंने कहा कि संस्थान में पढाई के दौरान छात्रों को फार्मेसी की विभिन्न विधाओं का व्यापक अनुभव प्राप्त होगा, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के इस युग में बहुत आवश्यक है। उन्होंने संस्थान के सभी एसोसिएट डीन का भी परिचय कराया।
प्रो. इप्सिता रॉय, एसोसिएट डीन (अकादमिक), ने विद्यार्थियों का सभी संकाय सदस्यों तथा प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों से परिचय कराया।
इसके बाद प्रो. अनुपमा मित्तल, प्रभारी, अकादमिक एवं परीक्षा अनुभाग ने परीक्षा अनुभाग की नीतियों एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वर्ष 2026 के प्रवेश संबंधी आंकड़े साझा करते हुए बताया कि इस वर्ष कुल 295 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जिनमें मास्टर्स के 191, एमबीए के 62 तथा पीएचडी के 42 विद्यार्थी शामिल हैं।
इसके बाद प्रो. प्रवीण के. शेंडे, मुख्य वार्डन (छात्रावास), ने सभी छात्रावास वार्डनों एवं सहायक कर्मचारियों का परिचय कराया।
लेफ्टिनेंट कर्नल (डॉ.) गुरजीत सिद्धू, कंसलटेंट मेडिकल ऑफिसर ने संस्थान में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की चिंता, तनाव अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर उनसे संपर्क करने का आग्रह किया। उन्होंने स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मधु तुली का परिचय भी कराया तथा उनके संस्थान में आने के दिन एवं समय की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. जी.बी. जेना ने धन्यवाद प्रस्ताव के साथ किया। इसके उपरांत छात्रों के लिए विभिन्न विभागों में विभागीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ब्यूरो रिपोर्ट : रोशन लाल शर्मा
#likesharefollowcomment
Source link
