शाहपुर में जर्जर सरकारी भवन सरकार की नाकामी की पहचान, रुके विकास कार्यों से जनता निराश : कमल कुमार शर्मा
शाहपुर, 15 जुलाई। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं जनजाति मोर्चा के नेता कमल कुमार शर्मा ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में जर्जर सरकारी भवनों और रुके विकास कार्यों को लेकर प्रदेश सरकार तथा स्थानीय विधायक पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शाहपुर में अनेक सरकारी भवन खस्ताहाल हो चुके हैं, लेकिन सरकार उनकी मरम्मत या नए भवनों के निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। यह सरकार की विकास विरोधी सोच और विफल कार्यशैली का स्पष्ट प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि पिछली पंचायतों को आज तक अपने भवन तक नहीं मिल पाए हैं। पूर्व भाजपा सरकार के समय शुरू की गई कई विकास परियोजनाएं भी वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ठप पड़ी हैं। भाजपा की सरकार बनने पर इन सभी रुके हुए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
कमल कुमार शर्मा ने कहा कि शाहपुर में उद्योग स्थापित करने और युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज तक उद्योग के लिए स्थान तक तय नहीं हो पाया। द्रमण में एचआरटीसी सब-डिपो खोलने की घोषणा भी केवल कागजों तक सीमित है और मौके पर कोई कार्य शुरू नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां केवल घोषणाओं तक सीमित रह गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने विकास कार्यों की रफ्तार रोक दी है, जिससे हर वर्ग हताश और निराश है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। कमल कुमार शर्मा ने कहा कि जो लोग पहले भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण का विरोध करते थे और अदालतों में उसके खिलाफ खड़े थे, वही आज राम का नाम लेकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने दावा किया कि पंचायत चुनावों में जनता ने कांग्रेस को ट्रेलर दिखा दिया है और आने वाले चुनावों में पूरी तस्वीर भी सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर शाहपुर सहित पूरे हिमाचल में रुके हुए विकास कार्यों को गति दी जाएगी और जनता से किए गए सभी वादे पूरे किए जाएंगे।
#Congress #bjp #likecommentsharefollowsupport #facebookviral
Source link
