टूटीकंडी वार्ड में चार सड़कों के निर्माण कार्यों का शुभारंभ, विधायक हरीश जनारथा ने कहा— जनहित एवं विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
शिमला, 10 जुलाई।
शिमला शहरी के लोकप्रिय विधायक श्री हरीश जनारथा ने आज टूटीकंडी वार्ड नंबर-10 में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा चार सड़कों की शिलान्यास पट्टिकाओं का उद्घाटन कर क्षेत्रवासियों को विकास की महत्वपूर्ण सौगात समर्पित की।
गौरतलब है कि विधायक श्री हरीश जनारथा के विशेष प्रयासों से टूटीकंडी वार्ड की चार अलग-अलग सड़कों के निर्माण के लिए स्वीकृति एवं आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाई गई थी। इन विकास कार्यों के निरीक्षण एवं शिलान्यास पट्टिकाओं के उद्घाटन के लिए टूटीकंडी वार्ड की पार्षद एवं उपमहापौर श्रीमती उमा कौशल, शिमला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष श्री आनंद कौशल द्वारा विधायक श्री हरीश जनारथा तथा शिमला नगर निगम के महापौर श्री सुरेंद्र चौहान को आमंत्रित किया गया।
इस अवसर पर विधायक ने क्रमशः चरण मेहता कॉलोनी सड़क, धोबी घाट सड़क, मंगरू कॉटेज सड़क तथा शांडिल निवास सड़क की शिलान्यास पट्टिकाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर विधायक श्री हरीश जनारथा ने कहा कि प्रदेश सरकार के जनहितकारी दृष्टिकोण के अनुरूप शिमला शहरी में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है और जनता से किए गए प्रत्येक वादे को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
महापौर श्री सुरेंद्र चौहान ने भी इन विकास कार्यों को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उपमहापौर श्रीमती उमा कौशल एवं कांग्रेस अध्यक्ष श्री आनंद कौशल ने क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर विधायक श्री हरीश जनारथा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों से टूटीकंडी वार्ड में विकास कार्यों को नई गति मिली है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने विधायक श्री हरीश जनारथा का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करने के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया l
ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव वर्मा
Source link
