मौलीजागरां-हल्लोमाजरा जैसी स्थिति से पहले चेते प्रशासन, मनीमाजरा में 24×7 स्मार्ट सिटी पानी प्रोजेक्ट के बावजूद गंदा पानी और कम प्रेशर से लोगों में रोष: राजबीर सिंह भारतीय
मनीमाजरा (सैक्टर-13), चंडीगढ़। मनीमाजरा की इंदिरा कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में एक बार फिर गंदे पानी और कम प्रेशर की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय एवं चेयरमैन सुभाष धीमान ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा टेलीफोन के माध्यम से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 24×7 पानी सप्लाई का पायलट प्रोजेक्ट लागू होने और नई पाइपलाइनें बिछाए जाने के बावजूद लोगों को गंदा एवं अनुपयुक्त पानी क्यों मिल रहा है?
उन्होंने कहा कि यह पानी केवल पीने के लिए ही नहीं, बल्कि घरेलू उपयोग के लिए भी अनुपयुक्त है। लोगों के अनुसार कपड़े धोने पर वे साफ होने के बजाय और खराब हो जाते हैं, सफेद कपड़ों पर पीलापन आ जाता है तथा अन्य कपड़ों पर गंदगी और अवांछित कण दिखाई देते हैं। बर्तन धोने के बाद भी उनके पूरी तरह साफ होने को लेकर संदेह बना रहता है। इंदिरा कॉलोनी में रेलवे फाटक की ओर पानी का प्रेशर भी अत्यंत कम है, जिससे लोगों को मोटर चलानी पड़ रही है और बिजली का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
इंदिरा कॉलोनी के प्रधान श्याम सुंदर, सहजाद तथा बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भी इस समस्या पर कड़ा विरोध जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
राजबीर सिंह भारतीय और सुभाष धीमान ने कहा कि बरसात का मौसम सिर पर है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो डायरिया, उल्टी-दस्त, टाइफाइड सहित जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। चंडीगढ़ पहले भी मौलीजागरां और हल्लोमाजरा में पानी की समस्या के गंभीर परिणाम देख चुका है। इसलिए नगर निगम, जल विभाग एवं प्रशासन तत्काल पानी की गुणवत्ता की जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करे, कम प्रेशर की समस्या दूर करे तथा नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराए। जनता के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जारीकर्ता:
राजबीर सिंह भारतीय – वरिष्ठ उपाध्यक्ष
सुभाष धीमान – चेयरमैन
मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन
ब्यूरो रिपोर्ट : रोशन लाल शर्मा
Source link
