निर्जला एकादशी पर मनीमाजरा में जगह-जगह लगी मीठे पानी की छबील, श्रद्धालुओं ने सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा — धार्मिक आयोजनों के साथ समाज सेवा की भावना हमारी संस्कृति की पहचान है

मनीमाजरा, चंडीगढ़। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर मनीमाजरा सेक्टर-13 सहित विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक आस्था और सेवा भावना का सुंदर संगम देखने को मिला। इस अवसर पर सार्वजनिक स्थानों तथा मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं के लिए मीठे पानी की छबीलें लगाई गईं।

सुबह से शुरू हुए इन सेवा कार्यों का सिलसिला दोपहर बाद तक चलता रहा। विभिन्न स्थानों पर आयोजित छबीलों में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर ठंडे मीठे जल, जलजीरा, हलवा, छोले, बिस्कुट, खरबूजा और छोले-कुलचे सहित अन्य प्रसाद ग्रहण किया। हर छबील पर लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी।

मनीमाजरा के विश्वकर्मा मंदिर परिसर में मंदिर कमेटी द्वारा विशेष आयोजन किया गया, जिसमें प्रधान देवीलाल धीमान के नेतृत्व में कमेटी के सदस्यों और सेवादारों ने पूरी श्रद्धा एवं समर्पण के साथ सेवा निभाई। वहीं मनीमाजरा हाउसिंग कॉम्प्लेक्स स्थित प्राचीन ठाकुर द्वारा शिव मंदिर में भी विशेष धार्मिक कार्यक्रम एवं सेवा आयोजन किया गया।

इन कार्यक्रमों में मंदिर कमेटियों के सदस्यों के अलावा मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन सुभाष धीमान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय, समाजसेवी पं. प्रदीप गौतम, गुलशन कुमार, मोहसिन सलमानी, शाम सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि निर्जला एकादशी जैसे पर्व हमें धर्म के साथ-साथ मानव सेवा, आपसी भाईचारे और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हैं। मनीमाजरा के लोगों ने जिस प्रकार मिल-जुलकर सेवा कार्यों में भाग लिया, वह क्षेत्र की सामाजिक एकता और संस्कारों को दर्शाता है।

उन्होंने सभी मंदिर कमेटियों, समाजसेवियों और सेवा में जुटे लोगों का धन्यवाद किया तथा भविष्य में भी ऐसे जनहित कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। ब्यूरो रिपोर्ट : रोशन लाल शर्मा



Source link