
नशे के खिलाफ युवाओं की हुंकार — एंटी चिट्टा क्रिकेट महाकुंभ में विधायक हरीश जनारथा ने दिया सशक्त संदेश
शिमला के Police Line भराड़ी ग्राउंड में एनएसयूआई जिला शिमला शहरी द्वारा आयोजित एंटी चिट्टा क्रिकेट महाकुंभ में शिमला शहरी के विधायक श्री हरीश जनारथा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। यह आयोजन नशे, विशेषकर चिट्टा जैसे घातक नशे के खिलाफ जनजागरण के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
विधायक श्री हरीश जनारथा के भराड़ी ग्राउंड पहुंचने पर एनएसयूआई के छात्र-छात्राओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। मंच पर विधायक जी एवं उनके साथ उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को फूलमालाएं पहनाकर तथा स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री जनारथा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। छात्रों के आग्रह पर वे स्वयं भी मैदान में उतरे और क्रिकेट खेलकर युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक दिशा प्रदान करता है तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का सशक्त माध्यम है।
मंच से अपने संबोधन में विधायक श्री हरीश जनारथा ने चिट्टा के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य, ऊर्जा और परिवारों को बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और खेलकूद व रचनात्मक गतिविधियों को अपनाएं।
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में यदि किसी भी खेल प्रतियोगिता या युवा गतिविधि के आयोजन हेतु सहयोग की आवश्यकता होगी, तो वे सदैव युवाओं के साथ खड़े रहेंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी की नेत्री श्रीमती सत्या वर्मा, अंकुश ठाकुर, श्री अवनीश चौहान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में युवाओं द्वारा उठाया गया एक सशक्त कदम है।
Source link
