*सेक्टर 56, वार्ड नंबर 29 में भव्य जन-कल्याण सेवा शिविर, लगभग 900 नागरिकों ने उठाया लाभ*

भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के अंतर्गत सेक्टर 56, वार्ड नंबर 29 में दो दिवसीय भव्य जन-कल्याण सेवा शिविर का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया। यह शिविर चंडीगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के मार्गदर्शन तथा मंडल अध्यक्ष रमेश चौधरी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की संयोजक प्रदेश सचिव सोनिया दुग्गल रहीं और आईटी सेल से मदन ने तकनीकी एवं व्यवस्थागत सहयोग प्रदान किया। जिला अध्यक्ष रेखा सूद, युवा मोर्चा महामंत्री प्रिय पासवान, राजेश पासवान तथा मंडल की पूरी टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह शिविर आमजन को केंद्र सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। शिविर में क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लगभग 900 से अधिक लोगों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर स्थल पर सुबह से ही नागरिकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जो इस पहल के प्रति लोगों के विश्वास और उत्साह को दर्शाती हैं।
कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों ने अनुशासित और सुव्यवस्थित ढंग से प्रत्येक व्यक्ति को आवश्यक जानकारी, मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड, आभा हेल्थ कार्ड और ई-श्रम कार्ड मौके पर ही बनाए गए। इसके अतिरिक्त वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं के आवेदन स्वीकार किए गए और पात्र लाभार्थियों को प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
राशन कार्ड से संबंधित नई प्रविष्टि, संशोधन एवं अन्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। साथ ही एससी-एसटी, अल्पसंख्यक एवं अन्य वर्गों के लिए आसान दरों पर ऋण उपलब्ध कराने वाली योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक लोग आत्मनिर्भर बन सकें। कई लाभार्थियों को उसी समय कार्ड जारी कर त्वरित राहत प्रदान की गई, जिससे नागरिकों में संतोष और विश्वास का वातावरण बना।
‘सेवा ही संकल्प’ अभियान का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। यह शिविर उसी संकल्प का सशक्त उदाहरण साबित हुआ, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के नागरिकों को सरल, पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।




Source link