सोलन: हिमाचल में बीती रात से मौसम खराब बना हुआ है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है. इसके साथ ही तेज गति से हवाएं भी चल रही हैं. बीती रात को मौसम के अधिक खराब होने के कारण कई स्थानों पर बादल गर्जना और आसामानी बिजली चमकने की घटनाएं भी देखने को मिली. इसी बीच सोलन में आसमानी बिजली गिरने के कारण सोलन में 50 भेड़ बकरियों की मौत हो गई.

हिमाचल प्रदेश में सोलन के देवठी देलगी मार्ग पर देवठी पटवार खाने के समीप रविवार सुबह आसमानी बिजली गिरने से करीब 50 से अधिक भेड़ बकरियां इसकी चपेट में आ चुकी हैं. वहीं, दर्जनों भेड़ बकरियां जख्मी हैं. फिलहाल प्रशासन इसको लेकर जानकारी जुटा रहा है. वहीं, घटना में तीन भेड़ पालक बाल बाल बचे हैं. तीनों ही भेड़ पालक किन्नौर जिला से संबंध रखते हैं. रविवार सुबह करीब 3:45 बजे जब आसमान से हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई तो भेड़ पालक टेंट लगा रहे थे, उसी समय अचानक आसमानी बिजली गिरी जिसकी चपेट में 50 से अधिक भेड़ बकरियां आ गई जिनकी मौके पर मौत हो गई.

किन्नौर के रहने वाले हैं भेड़पालक

इस घटना में जिला किन्नौर भाबा के विशाल नेगी, विनय सिंह, कृष्ण भगत और विनोद कुमार चौरा की भेड़ बकरियां मारी गई है. इन भेड़ पालकों की कुल 650 भेड़ बकरियां थीं, जिनमें से करीब 50 से अधिक आसमानी बिजली गिरने के कारण मर चुकी है. घटना के समय मौके पर तीन भेड़ पालक बुद्धि सिंह, कुलदीप नेगी और विनोद नेगी मौजूद थे जो कि इस आसमानी बिजली गिरने से बाल बाल बचे हैं. ब्यूरो रिपोर्ट :सुमीत चावला



Source link