शिमला शहर में निर्बाध 24×7 पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विधायक हरीश जनारथा ने की एसजेपीएनएल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

शिमला शहर के विधायक श्री हरीश जनारथा ने आज एसजेपीएनएल (जल विभाग) के यूएस क्लब कार्यालय में अधिकारियों के साथ पेयजल व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की वर्तमान जलापूर्ति व्यवस्था, भारी वर्षा के कारण बढ़ी गाद की स्थिति तथा ट्रांसफार्मरों में आई खराबी के चलते प्रभावित हुई जलापूर्ति पर गंभीरता से चर्चा की गई।

विधायक श्री हरीश जनारथा ने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मरों की खराबी सहित सभी तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि जलापूर्ति जल्द से जल्द सामान्य हो सके। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में आने वाली चुनौतियों के बावजूद आम जनता को किसी भी प्रकार की पेयजल समस्या का सामना नहीं करना पड़ना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिमला शहर के लिए लागू की जा रही 24×7 पेयजल व्यवस्था को पूरी गंभीरता और प्रभावी ढंग से लागू किया जाए तथा जलापूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक क्षेत्र में नियमित एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

विधायक श्री हरीश जनारथा ने कहा कि शिमला शहर की जनता को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ब्यूरो रिपोर्ट : राजीव वर्मा

#likecommentsharefollowsupport #shimla



Source link