वार्ड नंबर 4, आनाडेल में नया हेल्थ सेंटर बनकर तैयार – क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
शिमला,
शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 4, आनाडेल में क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग आज साकार हो गई है। क्षेत्र में नए हेल्थ सेंटर का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है, जिससे स्थानीय निवासियों को अब अपने ही क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस हेल्थ सेंटर की मांग लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा उठाई जा रही थी, जिसे वार्ड की पार्षद श्रीमती उर्मिला कश्यप के माध्यम से शिमला शहरी के लोकप्रिय विधायक हरीश जनारथा तक पहुंचाया गया। विधायक श्री जनारथा ने जनभावनाओं को समझते हुए इस परियोजना को प्राथमिकता दी तथा निर्माण कार्य हेतु आवश्यक धनराशि समय पर उपलब्ध करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की।
पार्षद श्रीमती उर्मिला कश्यप ने विधायक के मार्गदर्शन में निर्माण कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए इसे निर्धारित समय में पूरा करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नए हेल्थ सेंटर के शुरू होने से क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष राहत मिलेगी। अब प्राथमिक उपचार एवं सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत के साथ-साथ आपात स्थिति में त्वरित सहायता भी संभव हो सकेगी।
हेल्थ सेंटर के पूर्ण होने पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों एवं पार्षद श्रीमती उर्मिला कश्यप ने इस जनहितकारी कार्य के लिए विधायक श्री हरीश जनारथा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
Source link
