भवारना में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 20 पेटी से अधिक शराब जब्त

प्रतिबंधित पीईटी बोतलों में मिली शराब, हजारों ढक्कन और विभिन्न ब्रांडों के लेबल बरामद; पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

कांगड़ा |

कांगड़ा जिले के भवारना क्षेत्र में राज्य कर एवं आबकारी विभाग की बहु-जिला प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 पेटी से अधिक शराब जब्त की है। छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित पीईटी बोतलों में रखी शराब के साथ हजारों खुले ढक्कन, विभिन्न ब्रांडों के लेबल और खाली कंटेनर भी बरामद किए गए हैं। इन सामानों की बरामदगी से अवैध बॉटलिंग की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई राज्य कर एवं आबकारी विभाग (आईटी एवं प्रवर्तन) के अतिरिक्त आयुक्त यू.एस. राणा के निर्देशों तथा उत्तरी क्षेत्र के कलेक्टर विवेक महाजन की देखरेख में की गई। अभियान का नेतृत्व कांगड़ा और हमीरपुर के आबकारी अधिकारियों ने किया, जिसमें कांगड़ा, हमीरपुर और ऊना जिलों के अधिकारी भी शामिल रहे।

शराब ठेकों के निरीक्षण के बाद आवासीय परिसर में तलाशी

अभियान के दौरान प्रवर्तन टीम ने सबसे पहले भवारना क्षेत्र के विभिन्न शराब ठेकों का निरीक्षण किया। इसके बाद लाइसेंसधारी के कार्यालय से जुड़े एक आवासीय परिसर में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं और 20 पेटी से अधिक शराब जब्त की गई।

चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अंकित बोतलों में मिली शराब

कार्रवाई के दौरान ऐसी पीईटी बोतलों में शराब बरामद हुई, जिनमें शराब की बिक्री हिमाचल प्रदेश में प्रतिबंधित बताई गई है। इन बोतलों पर केवल केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में बिक्री के लिए होने का उल्लेख था। इसके अतिरिक्त हजारों खुले ढक्कन, विभिन्न ब्रांडों के लेबल और खाली कंटेनर भी मिले। विभाग को आशंका है कि इनका इस्तेमाल अवैध रूप से शराब की बॉटलिंग करने में किया जा सकता था।

भवारना थाने में मामला दर्ज

मामले में भवारना पुलिस थाना में केस दर्ज किया गया है। संबंधित विभाग और पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जांच के दौरान बरामद शराब और अन्य सामग्री से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। Fact live today Shailja Sam #everyone




Source link