बार एसोसिएशन चक्कर की बैठक में पहुंचे विधायक हरीश जनारथा, वकीलों की मांगों पर की चर्चा, ₹1 लाख अतिरिक्त देने की घोषणा और अधिवक्ताओं की अन्य मांगों को भी मौके पर ही पूरा किया गया।

शिमला। शिमला शहरी विधायक श्री हरीश जनारथा ने बार एसोसिएशन, एडवोकेट चक्कर द्वारा आयोजित बैठक में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सभी वकील भाइयों से मुलाकात कर उनके हाल-चाल जाने और उनकी समस्याओं को सुना। एसोसिएशन के सदस्यों ने क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से स्थानीय पार्षद श्रीमती किरण शर्मा भी उपस्थित रहीं।

विधायक ने एसोसिएशन के लिए ₹1 लाख की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की, जो एक सप्ताह के भीतर एसोसिएशन के खाते में जमा करवा दी जाएगी। इससे पहले घोषित ₹1 लाख की राशि भी एसोसिएशन को एक सप्ताह के भीतर मिल गई थी। वहीं, कोर्ट परिसर में नियमित डॉक्टर की मांग पूरी हो चुकी है और डॉक्टर नियमित रूप से सेवाएं दे रहे हैं।

बैठक में कोर्ट परिसर के लिए नई पार्किंग, लाइब्रेरी के लिए एक अतिरिक्त ब्लॉक की स्वीकृति, टैक्सी पार्किंग को शाम 7 बजे तक व्यवस्थित करने, HRTC बस सेवाओं का समय सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक सुनिश्चित करने तथा ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने जैसे मुद्दे उठाए गए। ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए विधायक ने मौके पर ही डीएसपी ट्रैफिक से फोन पर बात की। नई पार्किंग के लिए एसोसिएशन के सदस्यों के साथ स्थान का निरीक्षण किया और इसकी योजना तैयार करने के निर्देश दिए। पार्किंग के लिए अर्बन चैलेंज फंड के तहत धनराशि की व्यवस्था करने के विषय पर भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही।

इसके अतिरिक्त, कोर्ट परिसर की खराब सड़क की सोलिंग करवाने, जिम की मरम्मत और आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाने तथा लाइब्रेरी की सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए। अस्थायी शौचालयों के संबंध में सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

विधायक ने आश्वस्त किया कि कोर्ट परिसर में सुविधाओं के विस्तार और वकीलों की जायज मांगों के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के सदस्य भी उपस्थित रहे।







Source link