धर्मशाला में ‘आरोग्य भारती’ के नए केंद्र का विधिवत शुभारंभ, विधायक सुधीर शर्मा ने दी 10 लाख की सौगात

शहर के डिपो बाजार स्थित राय बहादुर जोधामल सराय में ‘आरोग्य भारती’ के नए कार्यालय व केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने आरोग्य भारती के अखिल भारतीय अधिकारी एवं क्षेत्रीय प्रमुख संजीवन कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान विधायक सुधीर शर्मा ने क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के इस प्रयास की सराहना करते हुए विधायक ऐच्छिक निधि से केंद्र को 10 लाख रुपये देने की बड़ी घोषणा की।
खान-पान व जीवनशैली में बदलाव से स्वस्थ बनेगा समाज: सुधीर शर्मा
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि आज के दौर में लोग अपनी मूल भारतीय जीवनशैली से भटक गए हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला निरंतर बढ़ता हुआ शहर है और भविष्य में एयरपोर्ट विस्तार के बाद यहां आबादी और जीवनशैली का दबाव और बढ़ेगा। ऐसे में आम जनमानस को कब, क्या और कितनी मात्रा में भोजन करना है, इस पर जागरूक करना बेहद जरूरी है।
विधायक ने ‘आरोग्य मित्र’ अभियान और सीपीआर (CPR) प्रशिक्षण की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि टैक्सी चालकों और आम नागरिकों को सीपीआर की जानकारी होनी चाहिए, क्योंकि आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने से पहले का समय बेहद कीमती होता है, जिससे कई जानें बचाई जा सकती हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे स्वयं भी अपने प्रवास के दौरान लोगों को इस नए कार्यालय की जानकारी देंगे ताकि नई पीढ़ी इससे जुड़कर अनुशासित और स्वस्थ जीवन जी सके।
घर की रसोई ही हमारी पहली प्रयोगशाला: संजीवन कुमार
इससे पूर्व, आरोग्य भारती के अखिल भारतीय अधिकारी संजीवन कुमार ने संगठन के उद्देश्यों और कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रकाश डाला। कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारतीय परिवारों की रसोई ही एक तरह की प्रयोगशाला है, जिसके पारंपरिक ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
ये गणमान्य रहे उपस्थित
शुभारंभ के इस अवसर पर नगर संचालक नरेश जी, सनातन धर्म सभा के सचिव, सुनील जी, विजय शर्मा सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक और आरोग्य भारती के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Fact live today Shailja Sam



Source link