खस्ताहाल शाहपुर-लपियाना मार्ग को लेकर ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज को घेरा
​शाहपुर: विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के अंतर्गत शाहपुर-हरनेरा-लपियाना मार्ग की बदहाली को लेकर अब स्थानीय जनता का सब्र जवाब देने लगा है। करीब 20 किलोमीटर लंबे इस मुख्य मार्ग की हालत पिछले कई वर्षों से अत्यंत दयनीय बनी हुई है, लेकिन प्रशासन और विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। सड़क की इसी दुर्दशा को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल शाहपुर के सिद्धपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज से मिला और उन्हें अपनी समस्याओं का पुलिंदा सौंपा।
​प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को अवगत कराया कि शाहपुर से लपियाना तक की यह सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और पिछले चार सालों से इस पर टायरिंग का एक पैच तक नहीं लगाया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हरनेरा गांव के पास तो स्थिति इतनी भयावह है कि यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण दोपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं बड़ी गाड़ियों के कलपुर्जे भी इस मार्ग पर दम तोड़ रहे हैं।
​ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। स्थानीय लोगों ने सांसद से दोटूक शब्दों में कहा कि यदि इस मार्ग की टायरिंग का काम जल्द शुरू नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता उग्र आंदोलन के लिए विवश होगी।
​वहीं, ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने उन्हें आश्वस्त किया कि यह मामला उनके संज्ञान में आ गया है और वे जल्द ही लोक निर्माण विभाग (PWD) के उच्च अधिकारियों से इस बारे में बात करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क की टायरिंग के लिए बजट और अन्य तकनीकी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा ताकि जनता को इस नारकीय सफर से निजात मिल सके।
#newsupdate2026 #followerseveryonehighlights #factlivetoday #roshanlalsharma #sumeetchawla #rajeevverma



Source link